अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। फिल्ममेकर करण जौहर अपने शो में अक्सर बड़े सितारों पर चुटकी लेते दिखते हैं। मगर जब बात उनकी आती है तो चुप्पी साध लेते हैं। मगर इस बार कुछ अलग हुआ। करण ने कंगना रनोट को जवाब दिया है। पिछले दिनों करण के शो ‘कॉफी विद करण’ पर कंगना बतौर गेस्ट पहुंची थीं।
इस दौरान कंगना ने करण पर भाई-भतीजावाद का आरोप भी लगाया था। हालांकि यहां तो करण खामोश थे। मगर मौका मिलते ही करण ने भी कंगना की बात पर नाराजगी जाहिर की है।
करण ने कहा, ‘कंगना ने किस आधार पर मुझे मूवी माफिया कहा। वो शो पर हमारी गेस्ट थीं। हम इसलिए चुप थे। मगर यह बातें सही नहीं है।’
करण ने कहा, ‘क्या मैंने अपने परिवार के सदस्यों को इंडस्ट्री में लांच किया है। मैंने अब तक अपने बैनर से 15 फिल्मकार उतारे हैं जिनमें तरुण, शशांक , शकुन और नित्या जैसे लोग शामिल है। उनके बारे में कोई भी बातचीत नहीं करता है। वरुण, आलिया, सिद्धार्थ तो इंडस्ट्री का अभी केवल एक तिहाई हिस्सा ही हैं।’
करण ने यह तक कहा, ‘कंगना को इंडस्ट्री से इतनी परेशानी है तो उन्हें बॉलीवुड छोड़ देना चाहिए। मैं कभी भी कंगना के साथ काम नहीं करुंगा।’
करण ने स्पष्ट किया कि, ‘लोगों को गलतफहमी है कि शो में जो हिस्सा मुझे पसंद नहीं आता है वो हम एडिट कर देते हैं। अगर ऐसा होता तो कंगना का हिस्सा नहीं दिखाते। हमारी सोच है कि दर्शक हमारे मेहमान के विचार जाने। मगर हां फिल्म में काम करना या नहीं करना यह पूरी तरह से मेरा निर्णय है।’


