चीन ने दुनिया पर दबदबा बनाने के लिए अभी से एक ऐसी चाल चली है, जो 2049 तक उसे सबसे ताकतवर देश बनाने में बेहद मददगार साबित होगी. चीन की इस नई चाल का नाम है OBOR यानि वन बेल्ट वन रोड.
चीन पूरी दुनिया के सामने एशिया, यूरोप और अफ्रीका को जोड़ने वाले OBOR को वाणिज्यिक लाभ और तरक्की के एक नायाब मॉडल के रूप में पेश कर रहा है.
चीन ने दुनिया के कई मुल्कों को OBOR में भागीदारी के लिए राजी कर लिया है. पूरी दुनिया को इस आर्थिक गलियारे का सब्जबाग दिखाते हुए चीन यह साबित करने की कोशिश कर रहा कि इससे सबका फायदा होगा, इसलिए एशिया से लेकर यूरोप तक सभी देश इसमें शामिल हों.
अपनी योजना में चीन काफी हद तक कामयाब भी हो गया है. फ्रांस, बेल्जियम, जर्मनी, पोलैंड, बेलारुस, रूस, कजाखस्तान, पाकिस्तान और नेपाल तक को चीन ने इस योजना में शामिल कर लिया है.


