Monday, February 2, 2026
HomeUncategorizedहिज्बुल ने सिर काटने वाले बयान से किया किनारा तो मूसा ने...

हिज्बुल ने सिर काटने वाले बयान से किया किनारा तो मूसा ने संगठन छोड़ा

श्रीनगर अलगाववादी नेताओं का सिर काटकर लालचौक पर लटकाने की धमकी देने वाले जाकिर मूसा के नए ऑडियो संदेश के बाद कश्मीर में आतंकी संगठन दो फाड़ हो गए हैं। हिजबुल मुजाहिदीन ने जहां जाकिर मूसा के बयान से किनारा कर लिया है, वहीं मूसा ने भी संगठन से नाता तोड़ते हुए कहाकि अगर हिज्ब मेरी नुमायंदगी नहीं करती तो मैं भी उसका हिस्सा नहीं हूं।

इस बीच, कश्मीर के दो अन्य संगठन हरकत-उल-मुजाहिदीन व तालिबान-ए-कश्मीर मूसा के समर्थन में उतर आए हैं। दोनों संगठनों ने मूसा को सही ठहराते हुए हर प्रकार के समर्थन का भी यकीन दिलाया है।

हिजबुल के शीर्ष नेतृत्व व हुर्रियत कांफ्रेंस समेत वरिष्ठ अलगाववादी नेताओं के साथ जाकिर मूसा के मतभेद करीब दो माह पहले शुरू हुए थे जब उसने एक वीडियो संदेश में सुरक्षाबलों पर पथराव करने वालों का आभार जताते हुए कहा था कि वह जब भी पत्थर उठाएं, आजादी के नाम पर नहीं इस्लाम के नाम पर ही उठाएं।

यह मतभेद गत शुक्रवार को ज्यादा गहरा गए जब मूसा ने एक ऑडियो संदेश में कहा कि कश्मीर में आजादी की नहीं, बल्कि इस्लामिक राज की बहाली के लिए जंग चल रही है। हुर्रियत नेता अपने ताबूत के डर से सच नहीं बोलते, यह सिर्फ सियासत कर रहे हैं और इन्हें हमारे काम में दखल नहीं देना है। अगर यह इस्लाम की राह में रोड़ा बने तो हम सबसे पहले इनके सिर कलम कर लालचौक में लटका देंगे।

हिजबुल का चेहरा बने जाकिर मूसा के इस ऑडिया संदेश ने पूरे कश्मीर में विशेषकर आतंकी संगठनों और अलगाववादी दलों में खलबली पैदा कर दी। उसने कश्मीर में जारी इस्लामिक कट्टरपंथी हिंसा पर लगे आजादी के मुखौटे को पूरी तरह उतार दिया था।

हिजबुल ने गुलाम कश्मीर की राजधानी मुजफ्फराबाद से एक बयान जारी कर कहा कि मूसा ने जो कहा वह हिज्ब की नीति नहीं है। हिज्ब प्रवक्ता सलीम हाशमी ने कहा कि जाकिर मूसा ने जो कहा वह उसकी अपनी निजी राय है।

हाशमी के बयान के बाद जाकिर मूसा ने साढ़े छह मिनट का अपना एक बयान यू-ट्यूब समेत सोशल मीडिया की विभिन्न साइटों पर अपलोड किया। मूसा ने वीडियो संदेश में कहा, ‘अगर हिज्ब मेरी नुमाइंदगी नहीं करती तो मैं भी अब उसका हिस्सा नहीं हूं। हमारे साथ खुदा है। वक्त ही फैसला करेगा कि हमारे साथ कौन है और कौन हमारे खिलाफ।’

RELATED ARTICLES
Continue to the category

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments