नई दिल्ली: (New Delhi) देश में 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस संबंध में केन्द्र सरकार ने 13 अक्टूबर को अधिसूचना जारी कर दी है। चंद्रयान मिशन 3 के तहत 23 अगस्त, 2023 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर विक्रम लैंडर की सफल लैंडिंग की गई थी।
उल्लेखनीय है कि 23 अगस्त को चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुछ घोषणाएं की थीं। इसमें जिस स्थान पर चंद्रयान-3 का मून लैंडर उतरा, उस स्थान को ‘शिवशक्ति’ नाम रखना और 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ के रूप में मनाने का भी ऐलान करना शामिल है। इसके अलावा चंद्रमा के जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने अपने पदचिह्न छोड़े हैं, उस प्वाइंट का नाम ‘तिरंगा’ रखा गया।